सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने
मुंबई, 19 नवंबर - बॉलीवुड कलाकारों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग और अमिताभ बच्चन को धमकी मिलने के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सैफ अली खान को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
इस धमकी के पीछे रोहित गोदारा गैंग का हाथ होने का दावा किया जा रहा है। वायरल ऑडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को गैंग के करीबी और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर के रूप में बता रहा है। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल ऑडियो में करीना कपूर का भी जिक्र
सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो में एक व्यक्ति सैफ अली खान को धमकी देते हुए कह रहा है कि कहीं उनकी पत्नी करीना कपूर की किसी गलती की सजा उन्हें न भुगतनी पड़े।
इसके अलावा, ऑडियो में सैफ अली खान पर पहले हुए चाकू से हमले का जिक्र करते हुए उन्हें बाबा सिद्दीकी जैसा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस वायरल ऑडियो की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ऑडियो में आवाज किसकी है और क्या इस धमकी के पीछे वास्तव में जीशान अख्तर का हाथ है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसका नाम इस्तेमाल किया है।
फिल्मी हस्तियों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
लगातार मिल रही धमकियों और हमलों की घटनाओं के बाद मुंबई के कई फिल्मी कलाकारों ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, खतरे के स्तर की समीक्षा के बाद कुछ कलाकारों को 'एक्स श्रेणी' की सुरक्षा दिए जाने की संभावना है।
फिलहाल मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन ब्रांच की ओर से सुरक्षा संबंधी आवेदनों और मिल रही धमकियों की जांच की जा रही है।

