मुंबई में फिर बम धमाकों की धमकी: अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक निशाने पर
मुंबई, 12 नवंबर - मुंबई में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस बार धमकी भरे ईमेल में सिर्फ बैंक और एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि मेयर कार्यालय, अदालत, महालक्ष्मी रेसकोर्स, अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला और गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों का भी जिक्र किया गया है। ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और जांच की गई। हालांकि, शुरुआती जांच के दौरान किसी भी जगह से कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
सूत्रों के मुताबिक, 12 नवंबर को सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक ईमेल पते से धमकी भेजी गई। यह ईमेल पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के मुंबई जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार स्थित बैंक शाखा को भेजा गया था। ईमेल में मुंबई के कई स्थानों पर बम धमाके और हमले करने की चेतावनी दी गई। नगर निगम का भी इसमें उल्लेख था, जिसके बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था को सतर्क कर दिया गया।
धमकी भरे ईमेल पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से हस्ताक्षर किए गए थे। इसमें इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला और डॉ. गुरनिर्वैर सिंह खान राजादा के नाम भी लिखे गए थे। हालांकि, ईमेल में इन नामों और कथित संगठन का उल्लेख होने के बावजूद इसकी वास्तविकता की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ईमेल भेजने वाले का इस संगठन से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रही हैं।

