मुंबई में बड़ा हादसा: कुर्ला में 13 मंजिला इमारत के बिजली के डक्ट में लगी आग
मुंबई, 20 अक्टूबर - मुंबई के कुर्ला इलाके में मंगलवार सुबह 13 मंजिला आवासीय इमारत के बिजली के डक्ट में आग लग गई। इस घटना में तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 6:53 बजे कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में लगी। आग बिजली के तारों और डक्ट में फैल गई। दमकल कर्मियों ने सुबह 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत में धुआं भर जाने से आठ लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई। वहीं, एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है। घायलों में पांच साल का एक बच्चा, दो किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

