मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप: अमिताभ का बंगला और दिलजीत का कॉन्सर्ट निशाने पर, जांच में जुटी एजेंसियां

मुंबई, 23 अक्टूबर - मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक दिलजीत दोसांझ का भी नाम लिया गया है। एक ओर जहां बिग बी के बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई है वहीं दूसरी ओर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी मिली है। बता दें, दिलजीत का कॉन्सर्ट 27 नवंबर, 2026 को मुंबई में आयोजित होने वाला है।
23 अक्तूबर को सुबह 11:31 बजे भेजे गए ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई है। ईमेल में 31 अक्तूबर को मुंबई के एक स्कूल में ग्रेनेड हमले और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम धमाके की धमकी दी गई है। इसके अलावा ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे का उल्लेख किया गया है। धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है।

डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच करने पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा, दादर के स्कूलों को भी धमकियां दी गई हैं।
 
एक अधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया था, जब मुंबई प्रेस क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें दावा किया गया था कि इमारत के अंदर जहरीली गैस से भरे कई छोटे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1 बजे फट जाएंगे।

#मुंबई
# अमिताभ
# दिलजीत