प्रेमिका के परिवार ने पेट्रोल डालकर प्रेमी को जलाया, मामला दर्ज
जगराओं (लुधियाना), 20 नवंबर (कुलदीप सिंह लोहट)- प्रेम संबंधों का खौफनाक अंत करते हुए एक युवक को प्रेमिका के घर बुलाकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे 22 वर्षीय हरमनजोत सिंह निवासी गांव लम्मा ने कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया।
मौत से पहले पुलिस को दिए बयानों में हरमनजोत ने आरोप लगाया था कि 9 नवंबर को उसे प्रेमिका के परिवार ने घर बुलाया था। वहां पहुंचने पर लड़की के पिता सुभाष कुमार ने उसे जबरन घर के अंदर खींच लिया और उस पर पेट्रोल छिड़क दिया।
इस दौरान लड़की के दो भाइयों ने उसकी पिटाई की, जबकि प्रेमिका के मामा ने उसे पकड़ रखा था। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि आग लगने के बाद भी उसे लातें मारी जाती रहीं।
घटना के बाद उसे पहले सिविल अस्पताल जगराओं, फिर लुधियाना और बाद में PGI चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना हठूर के प्रभारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि युवक के बयानों के आधार पर सुभाष कुमार, उसके बेटों मनप्रीत सिंह और जसप्रीत सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
युवक की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।

