भारत और अमेरिका के बीच होने वाली टू-प्लस-टू वार्ता टली

वाशिंगटन, 18 मार्च - अमेरिका के नये विदेश मंत्री के रूप में माइक पोम्पेओ के नाम की पुष्टि पर अनिश्चितता के बीच भारत और अमेरिका के बीच होने वाली टू- प्लस- टू वार्ता फिलहाल टल गयी है। भारत और अमेरिका के बीच पहली टू-प्लस- टू वार्ता 18-19 अप्रैल को होने की संभावना थी। पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान उनके और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई सफल बातचीत के बाद टू- प्लस- टू वार्ता की घोषणा की गयी थी। हालांकि, दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रालयों के बीच होने वाली इस उच्चस्तरीय वार्ता के लिए किसी प्रकार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी।