चिर युवा रहना हो तो

युवा बने रहने के प्रयास में पहला कदम होता है अपने वजन को नियंत्रित रखना जिससे अनेक बीमारियों जैसे- ॒मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा हृदय रोग से बचा जा सकता है। वैसे भी मोटापा जीवनकाल को घटाने वाला माना गया है। इसके लिए आवश्यक है आहार में कैलोरी संबंधी निर्धारण की।
आहार के प्रकार में परिवर्तन लाना भी अनिवार्य होता है। सही आहार का चयन कर खुद को चुस्त दुरूस्त बनाए रखा जा सकता है। उम्र बढ़ने के साथ-साथ अनाज की मात्रा आहार में घटाते चली जाना चाहिए जबकि फलों, सब्जियों व सलाद की मात्र बढ़ा ली जानी चाहिए। घी, मक्खन, मीठे व्यंजन, तले हुए खाद्य पदार्थों, आइसक्रीम आदि का कम से कम प्रयोग इस समय उचित रहता है। मलाई निकला हुआ वसा रहित दूध, दही, पनीर, अंडे आदि का प्रयोग किया जा सकता है। विटामिन और खनिज लवण सुरक्षात्मक पदार्थ कहलाते हैं। इसके लिए दही, शहद, मौसमी फलों, लहसुन, प्याज आदि को आहार में स्थान दिया जाना चाहिए। विटामिन-ई बढ़ती उम्र के प्रभावों को रोकता है। गेहूं के अंकुर में सबसे अधिक मात्र में विटामिन-ई पाया जाता है। सभी प्रकार के अंकुरित अनाजों का प्रयोग व्यक्ति को लंबे समय तक युवा बनाए रखने में सहायक होता है। उम्र बढ़ने के साथ-साथ शरीर में विभिन्न हार्मोंस की मात्रा में कई बार असंतुलन आ जाता है। विटामिन सी के उचित सेवन से इसे रोका जा सकता है। आंवला, अमरूद, टमाटर, नींबू, संतरा, मौसंबी, अनन्नास आदि विटामिन सी के अच्छे साधन हैं। उम्र की डोर को थामे रखने में व्यायाम भी बहुत महत्त्वपूर्ण होता है। शुरू से ही व्यायाम की आदत डालें चाहे वह किसी खेल के रूप में हो, सुबह की सैर के रूप में या बागवानी आदि जैसे किसी शौक के रूप में हो। हमेशा अच्छी तरह तन कर चलें। आलस्य और बोरियत दोनों ही व्यक्ति की उम्र को असमय बढ़ा हुआ दिखाते हैं। अत: हमेशा जीवंत बने रहने की कोशिश कीजिए।
जीवन के प्रति निराशावादी दृष्टिकोण न रखें। आशावादी दृष्टिकोण अपनाइए। स्वयं को हमेशा चुस्त व फुर्तीला रखने का प्रयास करें। अपने पहरावे व रख रखाव पर विशेष ध्यान दें। बहुत ही बेजान व हल्के रंगों के परिधान भी व्यक्ति की उम्र को अधिक दिखलाते हैं। इस तरह से आप यदि अपने वज़न को मनमाना बढ़ने न दें, अपने खाने-पीने पर कंट्रोल रखें व आलस्य से दूर रहकर जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखें, शरीर पर, अपने पहरावे पर व रहन सहन पर पर्याप्त समय दें तो कोई कारण नहीं कि लोग आपको, आपकी वास्तविक उम्र से कम का न समझें। लोग ही क्या, आप स्वयं अपने आपको अधिक युवा महसूस करने लगेंगे। (स्वास्थ्य दर्पण)
-उमेश कुमार साहू