महिला गोल्फ : नेहा ने जीता हीरो महिला टूर का छठा चरण

गुरुग्राम, 23 मार्च (एजेंसी): कोलकाता की गोल्फ खिलाड़ी नेहा त्रिपाठी ने शुक्रवार को हीरो महिला गोल्फ पेशेवर टूर के छठे चरण का खिताब अपने नाम कर लिया। नेहा ने अंतिम दिन तीन अंडर-69 का स्कोर करते हुए कुल 16 अंडर 200 के स्कोर के साथ जीत हासिल की। यह इस सीजन का अभी तक का सर्वश्रेष्ठ कुल स्कोर है। नेहा ने 14 शॉट की बढ़त के साथ खिताब अपने नाम किया। दूसरे स्थान पर गौरिका बिश्नोई (71), अमनदीप द्राल (72), तवेशा मलिक (72) ने संयुक्त रूप से कब्जा जमाया। यह नेहा की इस सीजन में पहली जीत है। इससे वह हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर भी पहुंच गई हैं। इससे पहले वो तीन बार दूसरे स्थान पर रही थीं। उन्होंने दूसरे दिन गुरुवार को 10 अंडर का स्कोर करते हुए अपनी जीत सुनिश्चित कर ली थी।