कैलग्री में आग लगने से 3 घर जले

कैलग्री, 20 मई (जसजीत सिंह धामी): उत्तर-पश्चिमी कैलग्री में भीषण आग लगने से 3 घर जलकर राख हो गए। अग्निशमन विभाग को काऊंटी हिल ड्राइव में आग लगने की सूचना सुबह 9:45 बजे मिली। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तो एक घर को आग ने पूरी तरह अपनी चपेट में लिया हुआ था। कर्मचारियों ने आग को आगे बढ़ने से रोकने का भरसक प्रयास किया परंतु आग सड़क के दूसरी तरफ के 2 घरों तक पहुंच गई। वह भी बुरी तरह जल गए। आग से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। पीड़ित परिवारों को कुछ समय के लिए अन्य स्थानों पर रहना पड़ेगा। अधिकारियों द्वारा नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है और पीड़ितों की ज़रूरतों का भी पता लगाया जा रहा है। सी.एफ.डी. बटालियन प्रमुख बरूस बारस ने विभाग द्वारा आग बुझाने के लिए की गई तुरंत कार्रवाई की प्रशंसा की। यदि ऐसा न होता तो आग आसपास के अन्य घरों तक भी फैल सकती थी।