श्रीदेवी के बर्थडे पर अनिल कपूर हुए भावुक

मुंबई, 13 अगस्त (एजैंसी) : 13 अगस्त, 1963 को मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी का जन्म हुआ था। आज उनका 55वां जन्मदिन है। दुर्भाग्यवश साल 2018 फरवरी में कार्डिएक अरेस्ट से उनका निधन हो गया। रिश्तेदारों और प्रशंसकों के लिए श्रीदेवी अपने पीछे, अपने शानदार अभिनय और मधुर पलों की मीठी यादें छोड़ गईं। आज उनके जन्मदिन पर फिर से लोग उन्हें याद कर रहे हैं और उनकी मौजूदगी की कमी महसूस कर रहे हैं। इस क्त्रम में अनिल कपूर का नाम शामिल हैं। श्रीदेवी के देवर और उनके साथ कई फिल्मों में काम कर चुके एक्टर अनिल कपूर ने स्पॉटब्वाए से इंटरव्यू में श्रीदेवी को याद करते हुए कहा- हम श्रीदेवी को हर दिन हर रात सोने से पहले मिस करते हैं। अगर ईमानदारी से बताएं तो हम दोनों रोज रात में सोने से पहले उनके बारे में बातें करते हैं। श्रीदेवी और सुनीता के बीच अच्छा बॉन्ड था। दोनों काफी ज्यादा बातें करती थीं। जिस दिन श्रीदेवी की डेथ हुई थी उस दिन सुनीता ने उनसे दो बार बात की थी। सुनीत उन्हें काफी पसंद करती हैं। अनिल ने कहा कि मैंने और श्रीदेवी ने एक साथ कई सारी यादगार फिल्मों में काम किया। हमने एक अच्छी दोस्ती निभाई। वो मेरे परिवार का हिस्सा भी थीं और मेरी अच्छी दोस्त भी थीं। आज श्रीदेवी के परिवार वालों के लिए एक इमोशनल दिन है। जाह्नवी ने अपने बचपन की एक फोटो शेयर की है जिसमें वो अपनी मां और पापा के साथ हैं। इसके अलावा श्रीदेवी के हसबैंड बोनी कपूर ने भी श्रीदेवी को याद किया और वो काफी भावुक हो गए। एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में बोनी ने कहा, वह हर पल श्रीदेवी को मिस करते हैं। कुछ हीरो होते हैं और फिर कुछ लेजेंड्स होते हैं, हीरो को याद किया जाता है, लेकिन लेजेंड्स कभी नहीं मरते। श्रीदेवी हर पल हमारे साथ है।