किसानों पर दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज


नई दिल्ली, 2 अक्तूबर (एजैंसी, जगतार सिंह): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की सीमा से दिल्ली आ रहे किसानों को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े जिसमें कई किसान घायल हो गए। पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले ज्यादातर रास्तों को सील कर दिया और जहां आने जाने की छूट दी गई है उन रास्तों पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 24 से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद की गई है। इस कारण आनंद विहार से दिल्ली के विभिन्न स्थानों को आने जाने वाली दिल्ली नगर निगम-डीटीसी की बसों को भी इस मार्ग पर नहीं जाने दिया जा रहा है। सीमापुरी बार्डर में भी पुलिस का कड़ा पहरा है जिसके कारण वहां भी जाम लगा हुआ है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने किसानों पर की गई पुलिस कार्रवाई कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि किसान अपने साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए आ रहे थे लेकिन उन्हें जबरन रोका गया और मारा पीटा गया। किसान चुप बैठने वाले नहीं हैं और इस बारे में मिलकर बातचीत करेंगे और आगे की रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान क्रांति यात्रा के तहत शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में राजघाट पर आ रहे थे। वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
राजनीतिक दलों ने किसानों पर हुए लाठी चार्ज की निंदा की है। कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्य समिति ने इस संबंध में महाराष्ट्र के वर्धा में आयेजित अपनी बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस घटना की निंदा की और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा ॑विश्व अहिंसा दिवस पर भारतीय जनता पार्टी का दो-वर्षीय गांधी जयंती समारोह शांतिपूर्वक दिल्ली आ रहे किसानों की बर्बर पिटाई से शुरू हुआ। अब किसान देश की राजधानी आकर अपना दर्द भी नहीं सुना सकते।
किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा : लक्खोवाल
भारतीय किसान यूनियन से संबंधित पंजाब के किसान नेता अजमेर सिंह लक्खोवाल व हरिन्द्र सिंह लक्खोवाल ने कहा कि संघर्ष के बाद हुई बातचीत के दौरान सरकार ने कुछ मांगें मान ली हैं व जो रह गई हैं उनके लिए आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्हाेंने बताया कि पुलिस द्वारा आंसू गैस, लाठीचार्ज किये जाने कारण माहौल काबू से बाहर होता जा रहा था, परन्तु किसानों को बड़ी मुश्किल समझ कर स्थिति काबू में रखी गई।
किसानों को दिल्ली आने से नहीं रोक सकते : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली आ रहे किसानों को गाजियाबाद की सीमा पर रोककर उनके साथ की गई बर्बरता को गलत बताया और कहा कि किसानों को दिल्ली आने से नहीं रोका जा सकता है।  केजरीवाल ने मंगलवार को ट््वीट किया दिल्ली सबकी है। किसानों को दिल्ली में आने से नहीं रोका जा सकता। किसानों की माँगे जायज़ हैं। उनकी माँगें मानी जायें। 
किसानों की सात मांगों पर बनी सहमति
नई दिल्ली : भारतीय किसान यूनियन और सरकार के बीच किसानों की समस्याओं को लेकर आज यहां हुई बैठक में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीद सुनिश्चित करने तथा दस साल पुराने ट्रैक्टर का कृषि कार्य में उपयोग जारी रखने समेत सात मुद्दों पर सहमति बनी। गृह मंत्री राजनाथ सिंह के यहां हुई इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह और कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी उपस्थित थे। श्री शेखावत ने कहा कि किसान प्रतिनिधियों और सरकार के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर सहमति हुई। 
सूत्रों के अनुसार एमएसपी पर फसलों की खरीद को सुनिश्चित करने को लेकर केन्द्र सरकार राज्यों के साथ बात करेगी । इसके साथ ही दस साल से अधिक पुराने ट्रैक्टर कृषि कार्य में बने रहेंगे। सरकार ने दलहनों का आयात नहीं करने तथा प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना में सुधार करने पर विचार करने का भी भरोसा दिया। सरकार ने कहा कि किसानों के बकाये गन्ने का भुगतान जल्द कराने के प्रयास किये जाएंगे। सूत्रों के अनुसार सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए छह सदस्यीय समिति गठित करेगी। इस बीच किसान यूनियन ने कहा कि उनकी मांगों के संबंध में सरकार के साथ हुई बातचीत पर यूनियन की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।