प्रियंका-निक जोनस की शादी से पहले का जश्न न्यूयॉर्क में शुरू

न्यूयॉर्क, 29 अक्तूबर (भाषा): अमेरिकी गायक निक जोनस के साथ शादी से पहले प्रियंका चोपड़ा ने रविवार की रात अपने करीबियों के साथ जश्न मनाया। सफेद रंग के परिधान में 36 वर्षीय प्रियंका बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी में टिफनी के ब्लू बॉक्स कैफे में करीबी दोस्तों के साथ पार्टी की। यूएस वीकली की खबर के मुताबिक, यह पार्टी होने वाली दुल्हन की सहेलियों मुबिना रत्तनसे और अंजुला अचारिया ने दी थी। जश्न में निक जोनस का भाई केविन जोनस, उसकी पत्नी डेनियल जोनस और उनकी बेटी अलेना भी शामिल हुए। प्रियंका से जब पूछा गया कि वह पार्टी को लेकर कितनी उत्साहित हैं, तो उन्होंने कहा ‘बहुत ज्यादा’। प्रियंका ने पार्टी की तस्वीर भी इंस्टाग्राम पर साझा की।  पार्टी में डीजे ने बॉलीवुड के गाने बजाए और मेहमान उन गीतों पर जमकर थिरके। प्रियंका की सहेलियों ने उनके सम्मान में संबोधन भी दिए। सूत्रों के मुताबिक, निक और प्रियंका दिसम्बर में भारत में शादी करने वाले हैं।