भारत, चीन के बीच मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए : सीतारमण

इटानगर, 11 नवम्बर (भाषा) : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत और चीन के बीच विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की हिमायत करते हुए रविवार को कहा कि दोनों देशों के बीच मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए। सीतारमण ने कहा कि भारत और चीन को एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए तथा वार्ता के जरिए मुद्दों का हल करना चाहिए। साथ ही, शांति एवं समृद्धि के लिए हाथ मिलाना चाहिए। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि रक्षा, सीमा मसला और हिंद महासागर में भारतीय एवं चीनी रक्षा बलों की मौजूदगी जैसे कई मुद्दे हैं, जिनका निरंतर वार्ता के ज़रिए हल किया जा सकता है। उन्होंने यहां कहा कि प्रतियोगिता होना सामान्य बात है लेकिन प्रतिस्पर्धा को संघर्ष में नहीं तब्दील होने देना चाहिए। मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए। सीतारमण ने कहा कि वार्ता और शांतिपूर्ण संपर्क में समाधान निहित है। लेकिन इसके लिए आपसी विश्वास अवश्य होना चाहिए। उन्होंने ‘उभरते एशिया के लिए भारत-चीन संबंध मजबूत करने की ओर’ विषय पर एक व्याख्यान में यह कहा। चीन के साथ व्यापार बुम ला दर्रा से होकर खोले जाने के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के प्रस्ताव पर सीतारमण ने कहा कि सिक्किम के नाथूला और मणिपुर के मोरेह स्थित मौजूदा सीमावर्ती हाटों की तरह दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के साथ व्यापार संभव है। हालांकि, उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन चीन के पक्ष में है।