हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में उभरते खतरों के प्रति भारत सजग : वायुसेना प्रमुख


नई दिल्ली, 11 नवम्बर (भाषा) : वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ ने रविवार को कहा कि भारतीय वायुसेना हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में उभरते संभावित खतरों के प्रति ‘बहुत सजग’ है। उन्होंने कहा कि उनका बल भारत के राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि भारत के पड़ोस में नए हथियारों उपकरणों को शामिल किए जाने और आधुनिकीकरण की रफ्तार चिंता का कारण है। धनोआ ने भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा कि भारत ‘अनसुलझे क्षेत्रीय विवादों’ और ‘प्रायोजित’ राज्येतर तथा विदेशी तत्वों से उत्पन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है लेकिन वायुसेना इनका प्रभावी तरीके से सामना करने में सक्षम है और इस दिशा में आगे बढ़ रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या वायुसेना जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी प्रशिक्षिण शिविरों को ध्वस्त करने में भूमिका निभा सकती है, उन्होंने इस तरह की संभावना से इंकार नहीं किया। एयर चीफ मार्शल ने कहा, ‘वायुसेना सीमापार से पैदा खतरों का सामना करने के लिए पूरी तरह से सक्षम है, चाहे ये (खतरे) उप-पारंपरिक क्षेत्र के हों या अन्य क्षेत्रों के हों।’