गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती देश-विदेश में मनाने का फैसला

नई दिल्ली, 19 नवम्बर (वार्ता, उपमा डागा पारथ) : सरकार ने महान सिख संत श्री गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती अगले वर्ष देश-विदेश में धूमधाम से मनाने का फैसला किया है। गुरु नानक देव जी की स्मृति में एक विशेष स्मारक सिक्का तथा डाक टिकट  भी जारी किया जायेगा और एक विशेष रेलगाड़ी भी चलाई जायेगी जो गुरु नानक देव जी से जुड़े शहरों को जायेगी, इसके अलावा उनकी स्मृति में  एक सर्व धर्म संस्थान भी स्थापित किया जायेगा और गुरुबानी का भारतीय भाषाओें में अनुवाद भी कराया जायेगा। आज यहाँ जारी जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर लोधी को एक विरासत शहर के रूप में विकसित किया जायेगा जहाँ गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन का अधिकतर समय  व्यतीत किया था। इसके अलावा सुल्तानपुर लोधी स्टेशन को भी विकसित किया जायेगा।  ब्रिटेन एवं कनाडा में गुरु नानक देव जी की स्मृति में वहां के विश्वविद्यालय में एक पीठ की स्थापना भी की जायेगी। संस्कृति मंत्रालय राजधानी में गुरु नानक देव जी के संदेशों पर एक अंतर्राष्ट्रीय सैमीनार भी करेगा। इसके अलावा शबद कीर्तन, प्रभातफेरी एवं गुरु ग्रन्थ के पाठ कीर्तन, लंगर  आदि भी किये जायेंगे तथा गुरु नानक देव जी की जयन्ती का दूरदर्शन से सीधा प्रसारण भी होगा। गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गुरु नानक देव जी जयंती क्रियान्वन समिति गठित की गई है जिसमें वित्त मंत्री अरुण जेतली और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा भी हैं। इस समिति की तीन बैठकें हो चुकी हैं। देश के अन्य शहरों के अलावा विदेशों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।