भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन


लुधियाना, 19 दिसम्बर (भूपिंद्र बैंस) : ज़िला भाजपा द्वारा पंजाब भाजपा प्रधान श्वेत मलिक की अध्यक्षता में कांग्रेस के राफेल के दुष्ट प्रचार के विरोध में घंटाघर के नज़दीक स्थित कांग्रेस के मुख्य कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन कर जमकर नारेबाज़ी की गई। आज सुबह ज़िला भाजपा द्वारा माता रानी चौक के समीप समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पंजाब भाजपा के प्रधान एवं राज्य सभा सांसद श्वेत मलिक विशेष तौर पर उपस्थित हुए। मलिक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजनीतिक लाभ के लिए राफेल मुद्दे पर देश को गुमराह करने की कोशिश की और दुनिया में भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। तत्पश्चात् उनके नेतृत्व में ज़िला भाजपा के प्रधान जतिंद्र मित्तल, पंजाब भाजपा के महामंत्री प्रवीण बांसल, पंजाब भाजपा के कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देवी, राजिंद्र भंडारी, हर्ष शर्मा, नीरज वर्मा, सुनील मौदगिल, जीवन गुप्ता, पुष्पिंद्र सिंगल, महेश शर्मा, डा. सतीश कुमार आदि भाजपा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कांग्रेस के मुख्य कार्यालय का घेराव करने के लिए पैदल रोष मार्च माता रानी चौक से निकाला और घंटाघर के समीप कांग्रेस के मुख्य कार्यालय के समक्ष पहुंचकर उक्त नेताओं, पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा कांग्रेस के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाज़ी की गई। मलिक ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी देश की सुरक्षा को ताक पर रख अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे है। गांधी परिवार के मंसूबों पर तब पानी फिर गया, जब माननीय उच्च न्यायलय ने अपना फैसला सुनाया की देश की सुरक्षा से जुड़े विषय को लेकर भ्रामक प्रचार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राफेल विमान को खरीदने का निर्णय यूपीए शासल में 2007 में हुआ पर कांग्रेस को देश की सुरक्षा की चिंता नहीं थी। तभी 2014 में मोदी सरकार ने  भारत की सेना को सक्षम बनाने के लिए यह विमान खरीदने की शुरूआत की। तो कांग्रेस इसके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र कर इसे रोकने लगी। रोष प्रदर्शन के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि पुलिस द्वारा उक्त रोष मार्च को देखते हुए यातायात के खास प्रबंध नहीं किए गए थे। इस मौके पर तीक्ष्ण सूद, मनोरंजन कालिया  राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढी, रेनू थापर, अनिल सरीन, केवल कुमार, जनार्दन शर्मा, हरमिंद्र संधू, अरूणेश मिश्रा, परमिंद्र मेहता,अजय सोंधी, पकंज जैन, हरीश शर्मा, अश्वनी टंडन, अश्वनी गोयल, राज पहलवान व अन्य उपस्थित थे।
भाजपा नेताओं ने पुलिस द्वारा लगाए बैरीकैटस को फांदने का किया प्रयास
भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्य कार्यालय के समक्ष किये जाने वाले रोष प्रदर्शन को देखते हुए, पुलिस ने आज कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष बैरीकैट्स लगाए गए थे और कांग्रेस के मुख्यालय के मुख्य गेट को भी बंद किया हुआ था तथा उक्त रोष प्रदर्शन को देखते हुए ए.डी.सी.पी. गुरप्रीत सिंह सिंकद, ए.सी.पी. वरियाम सिंह, ए.सी.पी. लखवीर सिंह टिवाणा भी मौके पर मौजूद रहे और जब भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष पहुंचे तो कुछ भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं द्वारा पुलिस द्वारा लगाए गए बैरीकैटस को फांदने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उनके इस प्रयास को विफल बना दिया।