राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शामिल हो सकती है तीरंदाजी

कोलकाता, 20 दिसम्बर (भाषा): ब्रिटिश तीरंदाजी संघ (तीरंदाजी ग्रेट ब्रिटेन) ने गुरुवार को कहा कि उसने 2022 में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में तीरंदाजी को अतिरिक्त वैकल्पिक खेल के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है जिससे हर चार साल में होने वाले इन खेलों में 12 वर्ष बाद इस खेल को शामिल किये जाने की संभावना बन गयी है। तीरंदाजी को आखिरी बार 2010 में नई दिल्ली में खेले गये राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया था। तब भारत की दीपिका कुमारी ने दो स्वर्ण पदक जीते थे। तीरंदाजी ग्रेट ब्रिटेन के साथ विश्व तीरंदाजी और तीरंदाजी इंग्लैंड के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।  दीपिका ने तीरंदाजी ग्रेट ब्रिटेन के इस कदम की सराहना की है। उन्होंने कहा, ‘यह इस खेल के लिये उत्साहजनक खबर है। इससे तीरंदाजों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरणा मिलेगी। इससे हमें देश के लिये पदक जीतने के अधिक मौके मिलेंगे।’