राज़ौरी में आईईडी विस्फोट में सेना का मेजर शहीद

जम्मू, 16 फरवरी (भाषा) : जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में नियंत्रण रेखा पर एक आईईडी विस्फोट में सेना के एक अधिकारी चित्रेश सिंह बिष्ट शहीद हो गए और एक जवान घायल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नौशेरा सैक्टर में आईईडी प्रत्यक्ष रूप से ‘भारतीय क्षेत्र में शत्रु ताकतों’ ने लगाया था। सेना के अधिकारी जब जवानों के साथ क्षेत्र की गश्ती कर रहे थे, उस समय यह विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस विस्फोट से सेना के अधिकारी चित्रेश सिंह बिष्ट शहीद हो गए जिनकी 7 मार्च को शादी थी तथा कार्ड बांट रहे पिता को इनकी शहादत की खबर मिली। जबकि जवान घायल हो गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है। यह आईईडी विस्फोट दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के बाद हुआ है। इस आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस सैक्टर में जनवरी से अब तक यह दूसरा आईईडी विस्फोट है। पाक गोलीबारी में एक जवान घायल : पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर शनिवार को छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसमें एक सैनिक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीमापार से शाम करीब 4 बजे से नौशेरा सैक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू हुई जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम खबर आने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी थी।