बजरंग पुनिया को मिलेगा खेल रत्न

नई दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता): टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत की सबसे बड़ी पदक उम्मीद पहलवान बजरंग पुनिया को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा जाएगा। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए गठित 12 सदस्यीय चयन पैनल ने खेल रत्न के लिए बजरंग को चुना जो आगामी विश्व चैंपियनशिप के लिए इस समय जार्जिया में तैयारी कर रहे हैं। बजरंग ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुने जाने पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा,‘‘मैं बहुत खुश हूं कि मुझे खेल रत्न के लिए चुना गया है। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि मैं देश के लिए विश्व चैंपियनशिप और अगले वर्ष टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतूंगा।’’ बजरंग को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान 29 अगस्त को खेल दिवस  के दिन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रदान करेंगे।बजरंग को इस पुरस्कार के लिए चुने जाने पर उनके गुरु और ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त तथा द्रोणाचार्य अवार्डी कोच रामफल ने  खुशी जताई है और कहा है कि वह अगले वर्ष ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतेगा। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तथा विश्व चैंपियनशिप के रजत विजेता बजरंग ने पिछले साल अपना नाम खेल रत्न के लिए नहीं आने के बाद नाराजगी जताई थी और अदालत जाने तक के लिए कहा था लेकिन अपने गुरु योगेश्वर के समझाने पर बजरंग ने यह इरादा छोड़ दिया था। योगेश्वर ने बजरंग से कहा था कि वह सिर्फ अपने खेल पर ध्यान लगाए, पुरस्कार तो अपने आप मिलेगा।