स्टोर्मी पेट्रल अजीबो गरीब पक्षी क्यों है ?

 

दीदी, क्या आपने स्टोर्मी पेट्रल के बारे में सुना है? अगर हां, तो वह क्या चीज़ है?’
‘सबसे पहली बात तो यह है कि स्टोर्मी पेट्रल चिड़िया है, लेकिन बहुत ही अजीबो गरीब पक्षी है। इसका यह नाम संत पीटर की वजह से पड़ा है।’
‘क्यों?’
‘संत पीटर के बारे में कहा जाता है कि वह पानी पर चल सकते थे, चूंकि यह पक्षी भी ऐसा ही करते हुए प्रतीत होते हैं, इसलिए इनका नाम स्टोर्मी पेट्रल पड़ गया।’
‘वाह, तो स्टोर्मी पेट्रल पानी पर चलते हैं!’
‘हम सिर्फ इतना जानते हैं कि यह संसार की सबसे छोटी वेब-फुटिड पक्षी हैं यानी इनके पैर के पंजे बतख की तरह आपस में एक झिल्ली से जुड़े होते हैं। स्टोर्मी पेट्रल किसी तरह से अपने को पानी से ऊपर रखने में सफल रहती है, इसलिए ऐसा लगता है कि वह पानी पर चल रही है।’
‘लेकिन स्टोर्मी पेट्रल को हम अपने यहां तो देख नहीं पाते।’
‘यह समुद्री पक्षी है। अपना सारा जीवन समुद्र में ही गुजारती है और सिर्फ ब्रीडिंग सीजन में ही ज़मीन पर आती है। उन्हें समुद्री यात्री जहाज़ के चक्कर लगाते हुए या लहरों के करीब उड़ते हुए देखते हैं। अगर तूफान आ जाये तो वह पानी पर ‘चल’ नहीं सकतीं, इसलिए दिन रात हवा में रहने के लिए मजबूर रहती हैं।’
‘तो क्या यह एक ही प्रकार की होती हैं?’
‘अनेक प्रकार की पेट्रल को स्टोर्मी पेट्रल कहा जाता है और मदर कैरीस चिकइंस भी। पेट्रल गौरय्या के आकार की होती है। जो पेट्रल अमरीका के पूर्वी व दक्षिणी तटों पर गर्मियों में दिखाई देती है, वह विल्सनस पेट्रल कहलाती है। वह धुंए की तरह काली होती है, लेकिन उसकी पीठ पर सफेद पैच होता है। वह लगभग 18 सेंटीमीटर की होती है, उसकी चोंच छोटी और बांस की तरह लम्बी टांगे होती हैं। वह यात्रियों का स्वागत दोस्ताना चटर पटर से करती है, लेकिन गा नहीं सकती। एक अन्य स्टोर्मी पेट्रल सिर्फ  उत्तरी समुद्रों जैसे आर्कटिक व बेरिंग सी में ही दिखाई देती है, उसे लीचस पेट्रल कहते हैं। यह भूरे-काले रंग की होती है, अपना घोंसला ज़मीन के गड्ढ़ों या रॉक्स में छुपी हुई जगहों पर बनाती है। ब्रीड करते समय यह पूरी तरह से छुपी हुई रहती है। वह सैकड़ों की तादाद में एक जगह होती हैं और किसी को दिखाई नहीं देतीं। दरअसल स्टोर्मी पेट्रल की 80 से अधिक प्रजातियां हैं, जो दक्षिणी समुद्रों में ज्यादा होती हैं। सबसे बड़ी स्टोर्मी पेट्रल 88 सेंटीमीटर की होती है और डाइविंग पेट्रल 18 से 25 सेंटीमीटर की होती है। सभी स्टोर्मी पेट्रल टूबीनरस होती हैं क्योंकि उनके नथूने टियूब की तरह होते हैं।’ -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर