दिल्ली और नोएडा में आई बारिश के बाद भी साइबर सिटी की तपिश नहीं हो पाई कम 


गुरुग्राम , 31 मई - साइबर सिटी में अब रात भी गर्म हो गई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब तक यह 30 के आसपास ही था। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम पारा 33 डिग्री के पार हुआ है। बुधवार को दिल्ली और नोएडा में आई बारिश के बाद भी साइबर सिटी की तपिश कम नहीं हो पाई। बदली के बाद दिन के तापमान में कमी की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार को अधिकतम पारा कम होने की बजाय .3 डिग्री बढ़ गया। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय साउथ-वेस्ट हवाएं चल रही हैं। राजस्थान के रेगिस्तान से आने वाली हवाएं गर्मी बढ़ा रही हैं। आसमान एकदम साफ है। इसलिए सूरज की किरणें सीधे धरती पर आ रही है।