हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़
अम्बाला , 20 सितंबर - हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात शामली- अम्बाला हाइवे पर रादौर के गांव धौलरा के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान शेरगढ़ निवासी रजत कुमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। मुठभेड़ में सीआईए-2 यमुनानगर के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार को भी गोली लगी। गोली उनके कंधे के पास से आर-पार हो गई। घायल सब इंस्पेक्टर को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पाते ही एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल खुद सिविल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क थी और आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश ढेर हो गया। घायल एसआई का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।