मुकेश अंबानी का मेगा AI प्लान, Reliance Jio करेगी 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश
नई दिल्ली, 19 फरवरी - भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ताकत पर दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी बड़ा दांव लगाने जा रहे हैं। दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में मुकेश अंबानी ने एआई में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया। ये निवेश रिलायंस इंडस्ट्रीज और इसकी यूनिट जियो करेंगे। वैश्विक सम्मेलन में दिग्गज उद्योगपति और रिलायंस के चेयरमैन ने कहा कि यह अनुमान नहीं बल्कि ठोस रणनीतिक योजना है और भारत 21वीं सदी में दुनिया की सबसे बड़ी AI शक्तियों में शामिल होगा।
दिग्गज उद्योगपति अंबानी ने कहा कि आने वाले दशकों में जनसंख्या, लोकतंत्र, विकास, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा जेनरेशन और AI क्षमता के मामले में भारत का मुकाबला करना किसी भी देश के लिए कठिन होगा। उनके मुताबिक भारत की युवा आबादी और तेज तकनीकी अपनाने की क्षमता इसे वैश्विक एआई रेस में बढ़त दिलाती है।
उन्होंने बताया कि जियो इंटेलिजेंस भारत का सॉवरेन कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर तीन स्तंभों पर बनाएग। पहला, जामनगर में बन रहा मल्टी-गीगावॉट AI-रेडी डेटा सेंटर, जिसमें 2026 के दूसरे हाफ तक 120 मेगावाट से अधिक क्षमता चालू हो जाएगी। दूसरा, कच्छ और आंध्र प्रदेश में मौजूद 10 गीगावॉट तक का ग्रीन एनर्जी सरप्लस, जिससे AI ऑपरेशंस को टिकाऊ ऊर्जा मिलेगी।

