आगरा कानपुर राजमार्ग पर बस पलटी,12 यात्री घायल


इटावा, 03 मार्च  उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बकेवर क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर उझियानी गांव के पास मंगलवार तड़के दिल्ली से कानपुर जा रही एक स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।        पुलिस के अनुसार बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। होली के त्योहार के मद्देनजर अधिकांश यात्री दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस, हाईवे मोबाइल पुलिस फोर्स तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
     इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और भरथना के क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

#आगरा कानपुर राजमार्ग