पश्चिम एशिया में जंग के बीच ईरान में भूकंप के तेज झटके, 4.3 की तीव्रता से कांपी धरती
नई दिल्ली, 3 मार्च - इस्राइल और अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान की धरती मंगलवार को भूकंप से कांप उठी। देश के गेराश इलाके में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।
ईरान इस वक्त दोहरे संकट से गुजर रहा है। एक तरफ अमेरिका और इस्राइल के साथ भीषण जंग छिड़ी हुई है, तो दूसरी तरफ कुदरत ने भी मुश्किल बढ़ा दी है। इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच मंगलवार को ईरान के दक्षिणी हिस्से में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, यह भूकंप दक्षिणी ईरान के गेराश शहर के पास आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हानि की कोई खबर नहीं है। हालांकि, जंग के बीच आए इस भूकंप ने लोगों को दहशत में ला दिया।
इस बीच, अमेरिका ने संकेत दिए हैं कि यह लड़ाई लंबी चल सकती है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को 4 से 5 हफ्तों से भी ज्यादा समय तक जारी रखने की क्षमता है। खामेनेई की मौत के बाद से ही अमेरिकी और इस्राइली सेनाएं लगातार ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमले कर रही हैं।

