भारतीय किसान यूनियन चढूनी के आह्वान पर हरियाणा भर में निकाला ट्रैक्टर मार्च
रादौर :भारतीय किसान यूनियन चढूनी के आह्वान पर मंगलवार को हरियाणा भर में तहसील स्तर पर ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। इसी कड़ी में रादौर तहसील में भी सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे और सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। ट्रैक्टरों का काफिला शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ एसडीएम कार्यालय पहुंचा, जहां किसानों ने अमेरिका के साथ किए गए कृषि समझौतों और ट्रेड ड्रिल की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार को सचेत करने के लिए किया गया है। उन्होंने मांग की कि अमेरिका के साथ हुए कृषि समझौतों और ट्रेड ड्रिल को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के पास 23 मार्च तक का समय है, अन्यथा पिपली में होने वाली राज्य स्तरीय रैली में आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो किसानों के ट्रैक्टर दिल्ली की सड़कों पर भी उतरेंगे।

