टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को कितना पैसा मिला ?

‘दीदी, मुबारक हो भारत ने 2026 आईसीसी टी-20 विश्व कप (पुरुष) जीत लिया है।’
‘हां, अहमदाबाद में भारत बनाम न्यूज़ीलैंड फाइनल में भारत ने 96 रन से प्रभावी व रिकॉर्ड जीत दर्ज की, जिस पर हर भारतीय खेल प्रेमी को खुशी व गर्व है।’ 
‘इस मैच को जीतने पर भारत को ट्राफी के अतिरिक्त कितनी प्राइज मनी मिली?’
‘आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 (पुरुष) के लिए प्राइज पूल 13.5 मिलियन डॉलर का था।’
‘इसमें से विजेता भारत को कितना मिला?’
‘तीन मिलियन डॉलर जो लगभग 27.48 करोड़ रूपये बनते हैं। रनर-अप न्यूज़ीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 14.65 करोड़ रुपये मिले।’
‘और हारने वाली सेमीफाइनल टीमों को क्या मिला?’
‘दक्षिण अफ्रीका व इंग्लैंड को 790,000 डॉलर प्रत्येक मिले, जो 7.24 करोड़ रुपये बैठते हैं।’
‘क्या सुपर 8 में पहुंचने वाली टीमों को भी कुछ पैसा दिया गया?’
‘हां, हर साइड को 380,000 डॉलर या 3.48 करोड़ रुपये मिले और ग्रुप स्टेज में हर साइड को 250,000 डॉलर यानी 2.29 करोड़ रुपये मिले।’
‘इस प्रतियोगिता का प्लेयर ऑ़फ द टूर्नामैंट कौन रहा?’
‘संजू सैमसन, जिन्होंने पांच पारियों में कुल 321 रन रिकॉर्ड तीन निरंतर अर्द्धशतक के साथ बनाये। उन्होंने प्रतियोगिता में रिकॉर्ड 24 छक्के भी लगाये और न्यूज़ीलैंड के फिन एलन के 20 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा।’
‘फाइनल का प्लेयर ऑ़फ द मैच कौन रहा?’
‘जसप्रीत बुमराह। उन्होंने फाइनल में अपने निर्धारित 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट लिए। पूरी प्रतियोगिता में बुमराह ने सर्वाधिक 14 विकेट लिए और वरुण चक्रवर्ती ने भी इतने ही विकेट लिए।’ 
‘इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा रन किसने बनाये?’
‘पाकिस्तान के साहिबज़ादा फरहान ने 6 पारियों में 383 रन बनाये। दूसरे स्थान पर न्यूज़ीलैंड के टिम सिफर्ट (326 रन, 8 मैच), तीसरे स्थान पर संजू सैमसन (321 रन, पांच मैच), चौथे नंबर पर भारत के ही ईशान किशन (317 रन, 9 मैच) और पांचवें नंबर पर न्यूज़ीलैंड के फिन एलन (298 रन, 8 पारी) रहे।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को कितना पैसा मिला ?