यमुनानगर : भेड़थल गांव में गैस ट्रांसफर के दौरान धमा,का, बच्चे व महिलाएं समेत कई झुलसे
यमुनानगर के गांव भेडथल के समीप गैस सिलेंडर से गैस ट्रांसफर करते समय हुए जोरदार धमाके में करीब एक दर्जन लोग झुलस गए। घायलों में पांच बच्चे, दो गर्भवती महिलाएं और अन्य पुरुष शामिल हैं। घटना सुबह उस समय हुई जब मजदूर परिवारों की महिलाएं घरों के बाहर खाना बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरते समय अचानक धमाका हो गया, जिससे दो मकानों की दीवारें तक गिर गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया। जहां आठ लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
थाना प्रभारी सदर तरसेम सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस को अवैध तरीके से एक सिलेंडर से दूसरे में भरा जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सिलेंडर कमरे के अंदर उछलता हुआ दीवारों और छत से टकराया। फिलहाल पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर जांच कर रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

