घूमता हुआ रंगीन पहिया बनाओ
बच्चो! विख्यात वैज्ञानिक इसाक न्यूटन ने खोज की थी कि लाइट या रोशनी अनेक रंगों से मिलकर बनी हुई है। इस सिलसिले में आप अधिक जानकारी हासिल कर सकते हैं, अपना घूमता हुआ रंगीन पहिया बनाकर, जिसे बनाना आज मैं आपको सिखाऊंगी। क्या आप सभी अलग-अलग रंगों से सफेद रोशनी बना सकते हो?
न्यूटन का जन्म 1643 में हुआ था और उनका निधन 1747 में हुआ। न्यूटन कैलकुलस, लाइट की संरचना, गति व व गुरुत्वाकर्षण के अपने नियमों की खोज के लिए अधिक विख्यात हैं। उन्होंने 17वीं शताब्दी में अपने पहले रंगीन पहिये का अविष्कार किया, जब उन्होंने दिखायी देने वाले लाइट स्पेक्ट्रम की खोज की थी। यह लाइट की वेवलेंथ है जिसे खुली आंखों से देखा जा सकता है। प्रिज्म से लाइट को पास करके न्यूटन ने साबित किया कि 7 रंग हैं- लाल, ऑरेंज, पीला, हरा, नीला, इंडिगो और वायलेट, जोकि मिलकर दिखायी देने वाला स्पेक्ट्रम या साफ सफेद रोशनी बनाते हैं। अपने निष्कर्ष कि सूरज की रोशनी बुनियादी रंगों में विभाजित है जिन्हें वापस मिलाने पर सफेद रोशनी बनती है, को प्रस्तुत करने के लिए न्यूटन ने रंगीन पहिये का इस्तेमाल किया। अब आपको घूमता हुआ रंगीन पहिया बनाना है यह दिखाने के लिए कि लाइट वास्तव में 7 रंगों से मिलकर बनती है। इसके लिए हमें कलर स्पिनर टेम्पलेट, मार्कर, कैंची, कार्डबोर्ड, गोंद, कील और धागे की ज़रूरत पड़ेगी।
*सबसे पहले कलर व्हील टेम्पलेट को प्रिंट कर लो और हर भाग को मार्कर से रंग दो। इसके लिए नीले, पर्पल, हरे, लाल, ऑरेंज व पीले रंगों का प्रयोग करें।
* इस पहिये को काट लें और उसी साइज़ का कार्ड बोर्ड भी काट लें।
* रंगीन पहिये को कार्ड बोर्ड पर चिपका दें।
** छोटी सी कील से पहिये के बीच में पास पास दो छेद करें।
* धागे को डबल करके दोनों छेदों में घुसा दें, यह सुनिश्चित करते हुए कि दोनों छेदों में बराबर बराबर लम्बाई के धागे हैं, 4-4 फीट के।
* धागों के दोनों सिरों को अपने दोनों हाथों से पकड़े हुए, पहिये को अपनी तरफ स्पिन करो। यह उस समय तक करते रहो जब तक धागे टाइट होकर आपस में लिपट न जायें।
* जब आप पहिये को स्पिन करने के लिए तैयार हो जायें तो अपने हाथों को खींच लें कि पहिया तेज़ी से स्पिन करने लगे। देखो कि रंग लुप्त होने लगेंगे।
पहले आप देखोगे कि रंग तेज़ी से स्पिन कर रहे हैं। जैसे ही पहिया तेज़ स्पिन करने लगेगा तो रंग आपस में मिलने लगेंगे और फिर पूरी तरह से मिलकर सफेद दिखायी देने लगेंगे। अगर आप ऐसा नहीं देख रहे हो तो पहिये को अधिक तेज़ी से घुमाएं। पहिये को स्पिन करने से सभी वेवलेंथ की रंगीन लाइटें आपस में मिल जाती है, जिससे वाइट लाइट बनती है। आप जितना तेज़ पहिया घुमायेंगे उतनी ही अधिक सफेद रोशनी दिखायी देगी। यह प्रक्रिया रंगों को जोड़ना कहलाती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




