आने वाले दिनों में देश में हो सकती उर्वरकों की कमी : अशोक गहलोत
नई दिल्ली , 20 मई राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को यूरिया और अन्य उर्वरकों की संभावित किल्लत की चेतावनी देते हुए सरकार से किसानों को इनकी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।गहलोत ने एक बयान में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों दोनों को इस मुद्दे पर किसानों में जागरूकता पैदा करने के लिए कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि देश आने वाले समय में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों की भारी कमी का सामना कर सकता है, क्योंकि भारत इनकी आपूर्ति के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है और वर्तमान में आयात प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब उर्वरकों की आपूर्ति सामान्य रहती थी तब भी किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। संभावित कमी की स्थिति में हालात चिंताजनक हो सकते हैं।’’

