West Asia Crisis: ओमान तट के पास एमटी जलवीर के इंजन रूम में लगी आग
मस्कट, 11 जून - ओमान के तट के पास MT जलवीर जहाज के इंजन रूम में आग लगने के कारण उसमें से धुआं निकलते देखा गया। जानकारी के मुताबिक, जहाज पर सवार सभी 20 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। जहाज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट 'मैरीनट्रैफिक' के अनुसार, जलवीर एक डामर/बिटुमेन टैंकर है और गिनी-बिसाऊ के झंडे के नीचे चल रहा है।
ओमान के तट के पास गुरुवार को एमटी जलवीर टैंकर के इंजन रूम में आग लगने की घटना सामने आई है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जहाज से धुआं निकलता देखा गया। इस टैंकर पर भारतीय क्रू मौजूद था। जहाज पर सवार सभी 20 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। सूत्रों ने बताया कि एमटी जलवीर के इंजन रूम में आग लगी थी, जिसके कारण जहाज से धुआं निकल रहा था। यह घटना ओमान के तट के निकट हुई। जहाज पर मौजूद सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
जहाजों की निगरानी करने वाली वेबसाइट मरीन ट्रैफिक के अनुसार, जलवीर एक टैंकर है, जो गिनी-बिसाऊ के ध्वज के तहत संचालित होता है। इसकी कुल लंबाई 119.95 मीटर और चौड़ाई 16.84 मीटर है। इससे पहले ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी यूकेएमटीओ ने गुरुवार को बताया था कि उसे ओमान के सोहार बंदरगाह शहर के निकट एक टैंकर में आग लगने की सूचना मिली है। हालांकि एजेंसी ने संबंधित जहाज का नाम नहीं बताया था।
यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने एक टैंकर के इंजन कक्ष में आग लगने की जानकारी दी है। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जहाजों को सतर्कता के साथ आवागमन करने की सलाह दी गई है। साथ ही बताया गया कि इस घटना का कोई पर्यावरणीय प्रभाव सामने नहीं आया है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना को लेकर एक्स पर लिखा कि एमटी जलवीर से क्रू को शिनास पोर्ट तक निकालने का काम ओमान की रॉयल नेवी की मदद से किया जा रहा है और यह जल्द ही पूरा हो जाएगा।

