ओमान तट के पास डूबी भारतीयों से भरी नौका, अमेरिका ने तुरंत पहुंचाई मदद, सभी 14 लोग सुरक्षित
मस्कट, 14 जून - ओमान के तट के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब 14 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक पारंपरिक नौका अचानक संकट में फंसकर डूबने लगी। घटना की सूचना मिलते ही अमेरिकी नौसेना, भारतीय नौसेना और पास से गुजर रहे एक व्यापारी जहाज ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। समय रहते सभी 14 भारतीयों को जीवनरक्षक नौका (लाइफ राफ्ट) में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार यह घटना ओमान के रास अल हद्द से लगभग 80 नॉटिकल मील पूर्व में हुई। समुद्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चुनौतियों के बीच यह सफल बचाव अभियान राहत की खबर लेकर आया है।
कुछ मीजिया रिपोर्ट्स के अनुसार 14 जून की सुबह अमेरिकी नौसेना को सूचना मिली कि भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही नौका संकट में है और उसके डूबने का खतरा पैदा हो गया है। इसके बाद अमेरिकी नौसेना ने तटीय अधिकारियों और भारतीय नौसेना को अलर्ट किया। अमेरिकी नौसेना के पी-8 समुद्री निगरानी विमान ने तुरंत मौके पर पहुंचकर एक जीवनरक्षक नौका समुद्र में गिराई और पूरी निकासी प्रक्रिया पर नजर रखी। नौका पर सवार सभी 14 लोग सुरक्षित रूप से इस जीवनरक्षक नौका में पहुंच गए। इसके साथ ही भारतीय नौसेना के जहाजों को भी घटनास्थल की ओर रवाना किया गया ताकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता दी जा सके।

