पंजाब के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
चंडीगढ़, 23 जून- पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवाओं और बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार आज प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। हालांकि, चंडीगढ़ में मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक पंजाब और हरियाणा में मौसम सुहावना बना रह सकता है। कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और समय-समय पर बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।

