मुख्यमंत्री भगवंत मान आज नए राशन डिपो धारकों को जारी करेंगे लाइसेंस
चंडीगढ़, 16 जुलाई- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज राज्य के लोगों को बड़ी सौगात देंगे। अब लाभार्थियों को राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। आज मोहाली के विकास भवन में 2,800 नए राशन डिपो धारकों को लाइसेंस जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान नई राशन डिपो आवंटन नीति के तहत इन लाइसेंसों का वितरण करेंगे।
नई नीति के तहत आवंटित किए जा रहे 2,800 डिपो में 633 अनुसूचित जाति, 199 पिछड़ा वर्ग, 181 पूर्व सैनिक, 39 स्वतंत्रता सेनानी, 156 दिव्यांगजन और 17 दंगा प्रभावित परिवारों को शामिल किया गया है। नए राशन डिपो खुलने से करीब 5.5 लाख राशन कार्ड धारकों को उनके घर के नजदीक ही राशन उपलब्ध हो सकेगा।
वर्तमान में पंजाब सरकार 14,000 राशन डिपो के माध्यम से स्मार्ट राशन कार्ड योजना के तहत पंजीकृत 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं और "मेरी रसोई" राशन किट उपलब्ध करा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव और शहरी क्षेत्र में राशन डिपो की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
सरकार का कहना है कि नई राशन डिपो आवंटन नीति सामाजिक न्याय, पारदर्शी प्रशासन और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है।

