प्रधानमंत्री का सफल दौरा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक दिवसीय हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे ने इस क्षेत्र में एक नया उत्साह पैदा किया है। इसमें उन्होंने देश के मूलभूत ढांचे को मज़बूत करने व विकसित भारत के संकल्प पर बल दिया है। एक दिन में इस क्षेत्र के सैकड़ों ही प्रोजैक्टों का नींव पत्थर रखने ने यह उम्मीद ज़रूर पैदा की है कि मूलभूत ढांचे के विकास के पक्ष से देश ने तेज़ी से कदम बढ़ाने शुरू किए हैं। चंडीगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों के मूलभूत ढांचे से संबंधित योजनाओं का नींव पत्थर रखते हुए उन्होंने इस बात पर बल दिया कि  लोगों के जीवन को सुखद बनाने के लिए ऐसी योजनाओं को समय पर पूर्ण करने के लिए सरकार तेज़ी से यत्नशील रही है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करके इसे नई अन्तर्राष्ट्रीय स्थिति के साथ भी जोड़ा है और यह भी कहा है कि कुछ महीनों से अमरीका-इज़रायल और ईरान एवं खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण डीज़ल की भारी कमी हो गई थी परन्तु भारत इसलिए इसके प्रभाव से निकल सका है, क्योंकि आज विशाल भारतीय रेल प्रबन्ध की निर्भरता डीज़ल पर नहीं रही।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक भारत में 30 प्रतिशत रेलवे के नैटवर्क का विद्युतीकरण हुआ था और 70 प्रतिशत रेलगाड़ियां डीज़ल पर निर्भर करती थीं, परन्तु पिछले 12 वर्षों में 90 प्रतिशत रेलगाड़ियों का विद्युतीकरण हो चुका है। हरियाणा में जींद से सोनीपत तक भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली रेलगाड़ी को हरी झंडी देते हुए उन्होंने इसे एक बड़ी उपलब्धि  कहा है। नि:संदेह आगामी समय में यदि हाइड्रोजन से चलने वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ती जाएगी तो इससे डीज़ल की कमी की पूर्ति और भी आसान हो जाएगी। जालन्धर छावनी के आधुनिक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के साथ-साथ उन्होंने पंजाब के लिए 5470 करोड़ रुपये की अलग-अलग शुरू की जाने वाली और मूलभूत योजनाओं का भी वर्चुअली उद्घाटन किया और यह प्रकट किया कि इनसे प्रदेश के विकास की रफ्तार तेज़ होगी। उन्होंने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रैस वे, जिसकी लागत 9680 करोड़ रुपये है, का उद्घाटन भी किया। दिल्ली से कटरा तक का स़फर 14 घंटे की बजाये मात्र 6 घंटे का रह जाएगा और दिल्ली से अमृतसर का स़फर 8 घंटे से कम होकर 4 घंटे का रह जाएगा। इस लम्बे कॉरीडोर के निकट उद्योगों, व्यापार और अन्य प्रत्येक तरह के विकास को भी भारी प्रोत्साहन मिलेगा। हरियाणा और हिमाचल में बेहतर सम्पर्क बनाने के लिए उन्होंने अम्बाला-काला अम्ब राजमार्ग का भी उद्घाटन किया, जिससे पर्यटकों के लिए स़फर बेहद सुखद और छोटा हो जाएगा। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सिख इतिहास से संबंधित एक म्यूज़ियम बनाने की योजना का भी उनकी ओर से उद्घाटन किया गया। इस म्यूज़ियम में गुरु साहिबान के बलिदान और शिक्षाओं संबंधी भी जानकारी दी जाएगी। 
प्रधानमंत्री का जालन्धर दौरा इसलिए भी सफल रहा क्योंकि भाजपा की ओर से करवाया गया समारोह बहुत उत्साहपूर्ण और प्रभावशाली था। यहां प्रधानमंत्री ने खुल कर पंजाब को दरपेश समस्याओं की भी बात की और साथ ही पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए यह दावा भी किया कि भाजपा ही पंजाब को इस स्थिति से निकाल सकती है। इस तरह उन्होंने पंजाब में वर्ष 2027 के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी अपनी पार्टी को एक उत्साहपूर्ण संदेश देने का यत्न किया है।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#प्रधानमंत्री का सफल दौरा