'56 इंच का सीना कहां गया?', संसद में खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 20 जुलाई  - संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का काम विपक्ष पर तंज कसना नहीं, बल्कि देश की समस्याओं का समाधान करना है। खरगे ने कहा, "पहले अपनी विश्वसनीयता जनता के सामने साबित कीजिए। आपका 56 इंच का सीना कहां गया?" खरगे ने राम मंदिर ट्रस्ट और नीट परीक्षा का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट में सरकार की ओर से नामित लोगों पर ही सवाल उठ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नीट विवाद से लाखों छात्र परेशान हैं और उनके भविष्य पर असर पड़ा है। इसके लिए उन्होंने मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जो बाद में विवाद का कारण बनें। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री से उम्मीद होती है कि वह लोगों की समस्याओं पर बात करें और उनका समाधान निकालें, न कि राजनीतिक तंज कसें।

#खरगे