भाजपा में आज हो सकता है राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा फेरबदल

चंडीगढ़, 17 अगस्त (संदीप कुमार माहना) - भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक ढांचे में आज बड़ा फेरबदल होने की संभावना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अपनी नई टीम का ऐलान किए जाने की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि नई टीम में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ संगठन के विभिन्न मोर्चों और विभागों में भी नए चेहरों को जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार नई टीम के गठन में संगठनात्मक अनुभव, प्रदेशों के बीच संतुलन और आगामी चुनावी चुनौतियों को विशेष रूप से ध्यान में रखे जाने की संभावना है। कई मौजूदा पदाधिकारियों को दोबारा जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि कुछ नए नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अहम भूमिकाएं दिए जाने के आसार हैं।

नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली बड़ी संगठनात्मक टीम होगी। इसी वजह से आज होने वाले संभावित ऐलान को पार्टी के अंदर खास अहमियत के साथ देखा जा रहा है। नई टीम के जरिए पार्टी संगठन को और मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश देने की कोशिश किए जाने की चर्चा है।

इस फेरबदल का असर पंजाब समेत उन राज्यों में भी देखने को मिल सकता है, जहां पार्टी द्वारा संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नई राष्ट्रीय टीम में पंजाब को कितनी प्रतिनिधित्व मिलता है, इस पर भी प्रदेश भाजपा नेताओं और राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।

हालांकि नई टीम के सदस्यों को लेकर अंतिम तस्वीर आधिकारिक ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि आज ऐलान होता है तो भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में नई लीडरशिप की भूमिका और आने वाले समय की रणनीति भी काफी हद तक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

 
#भाजपा में आज हो सकता है राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा फेरबदल