गांव अम्मोनंगल के किराना स्टोर मालिक से 50 लाख की फिरौती मांगी, न देने पर दुकान पर फायरिंग
घुमाण (गुरदासपुर), 29 अगस्त (बम्मराह)- गांव अम्मोनंगल में किराना स्टोर के मालिक जगजीत सिंह से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने और फिरौती की रकम न देने पर उसकी दुकान पर गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को साथ लेकर मोटरसाइकिल की बरामदगी करने के दौरान आरोपी ने छिपाकर रखे हुए 32 बोर के पिस्तौल से पुलिस पर गोलियां चला दीं। जिस पर बचाव में पुलिस द्वारा गोलियां चलाने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस संबंधी एसएसपी डॉ. महताब सिंह ने बताया कि 22 अगस्त को गांव अम्मोनंगल में किराना स्टोर के मालिक जगजीत सिंह से कथित तौर पर 50 लाख रुपये की फिरौती देने की मांग की गई थी। फिरौती की मांग पूरी न होने पर हमलावरों द्वारा उसकी दुकान पर गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसएसपी ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में आकाशदीप सिंह नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पुलिस द्वारा उससे पूछताछ करने के बाद हमले में इस्तेमाल किए गए मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए उसे साथ लेकर बोलेवाल से टकापुर नहर की ओर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आकाशदीप सिंह ने मोटरसाइकिल के साथ छिपाकर रखा हुआ पिस्तौल निकाल लिया और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस जवाबी कार्रवाई के दौरान एक गोली आकाशदीप सिंह की टांग में लग गई।
इसके बाद पुलिस ने आकाशदीप सिंह उर्फ बेली पुत्र बलविंदर सिंह निवासी बोलेवाल और सतिंदरबीर सिंह पुत्र बख्शीश सिंह निवासी बोलेवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आकाशदीप के पास से पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले संबंधी थाना रंगड़ नंगल में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

