राजासांसी हवाई अड्डे पर संदिग्ध ड्रोन गतिविधि का सच आया सामने
अजनाला/राजासांसी (अमृतसर), 7 सितंबर (गुरप्रीत सिंह ढिल्लों)- बीती देर रात श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राजासांसी में संदिग्ध ड्रोन गतिविधि का पता लगने के बाद हवाई अड्डे को करीब सवा घंटे के लिए बंद रखा गया। ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया था।
इस संबंध में जब थाना राजासांसी के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि ड्रोन गतिविधि सामने आने के बाद हवाई अड्डे के बाहरी क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर ड्यूटी अफसर ए.एस.आई. निरंजन सिंह द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि हवाई अड्डे से कुछ दूरी पर स्थित एक गांव में खेल टूर्नामेंट करवाया जा रहा था और टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी करने के लिए एक व्यक्ति द्वारा ड्रोन उड़ाया गया था।
एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यहां यह भी बताना जरूरी है कि हवाई अड्डे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर द्वारा हवाई अड्डे के लगभग 8 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। इसके बावजूद टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ाए जाने के कारण सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब देखना होगा कि हवाई अड्डा क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस द्वारा क्या कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती है?

