मौसम फिर बदलेगा रंग: 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
नई दिल्ली, 8 सितंबर - दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर कई राज्यों में सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 15 से अधिक राज्यों में 8 सितंबर से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। बिहार और ओडिशा जैसे पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लेकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना है। दक्षिण गुजरात से उत्तर प्रदेश के मध्य भागों तक निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवात के रूप में हवा चल रही है। इन प्रणालियों के चलते ही मंगलवार से मौसम में बदलाव हो रहा है। 13 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 13 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और 10-13 सितंबर तक उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

