लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा के आसपास लगेंगे CCTV कैमरे, बेअदबी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

लुधियाना, 9 सितंबर - (शाहिद खान)- लुधियाना में कल देर शाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के बाद आज पूरे दिन धरना-प्रदर्शन चला। दोपहर बाद पुलिस और धरना दे रहे लोगों के बीच सहमति बनने के बाद मौके से धरना उठा लिया गया और स्थिति सामान्य हुई।

इस बीच लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर (DC) हिमांशु जैन का विशेष बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिनिधियों की लगभग सभी मांगों को मान लिया गया है। बाबा साहेब की प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर उसके चारों तरफ 8 से 10 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस और PCR की विशेष तैनाती भी रहेगी।

DC हिमांशु जैन ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ बेअदबी करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने लुधियाना पुलिस कमिश्नर से भी बात की है।

उन्होंने बताया कि समाज के प्रतिनिधियों के साथ कल सुबह 11 बजे बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में उनकी मांगों और प्रतिमा की सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

फिलहाल धरना समाप्त होने के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई है। प्रशासन की ओर से प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।

#लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा के आसपास लगेंगे CCTV कैमरे
# बेअदबी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई