भाजपा की बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर मंथन, 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
पंचकूला, 9 सितंबर (कपिल)- भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित पार्टी के मंत्री, चेयरमैन, पदाधिकारी और चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों और उनके नेतृत्व में देश व प्रदेश में हुए विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है, जो आगामी 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लंबे समय तक लगातार जनता की सेवा करना आसान नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने के साथ-साथ पूरी दुनिया में देश का गौरव बढ़ाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैठक में अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए मंत्रियों से लेकर पार्टी के पदाधिकारियों तक सभी की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
अभियान के तहत 12 मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, जिनमें विभिन्न विभागों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 45 लाख से अधिक घरों में दीप जलाने को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई है।
सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बहुत से लोग हैं, जिनका बिना किसी खर्च के इलाज और ऑपरेशन हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई देती है।
विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले नारनौल पहुंचने में आधा दिन लग जाता था, लेकिन अब करीब साढ़े तीन घंटे में वहां पहुंचा जा सकता है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हालात बेहद खराब थे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय डीसी रेट पर नौकरियां दी जाती थीं और कर्मचारियों की एक महीने की तनख्वाह तक काट ली जाती थी।
‘हनुमान अंश’ फिल्म को टैक्स फ्री करने पर क्या बोले मुख्यमंत्री?
‘हनुमान अंश’ फिल्म को टैक्स फ्री करने संबंधी पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यदि इस संबंध में मांग आती है तो सरकार इस पर विचार करेगी।

