पंचकूला में सीएम नायब सैनी की पत्रकार वार्ता, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

पंचकूला, 11 सितंबर (कपिल)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और कार्यकाल को लेकर पत्रकार वार्ता की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा, सुशासन और विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब भारत के नागरिकों को विदेशों में अपनी पहचान बतानी पड़ती थी, लेकिन आज दुनिया भारतीय पासपोर्ट का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है।
नायब सैनी ने कहा कि देश में एक समय 200 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित माने जाते थे, लेकिन अब इनमें से अधिकांश क्षेत्र शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और करतारपुर कॉरिडोर को भी केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत कभी तकनीक के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन आज देश मिसाइल निर्माण के साथ-साथ अंतरिक्ष क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने, 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण तथा गरीबों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
हरियाणा के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि हरियाणा रही है और प्रधानमंत्री के रूप में वह 18 बार प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। उनके अनुसार केंद्र की ओर से हरियाणा को करीब 86 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी गई है, जबकि केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। उन्होंने एम्स, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-मुंबई व गुरुग्राम-जयपुर एक्सप्रेसवे तथा जींद-सोनीपत के बीच हाइड्रोजन ट्रेन का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को लोग प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाएंगे। प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक विशेष सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं 10 स्थानों से 10 राज्यों के लिए रवाना होंगी और गांवों तथा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जनसंवाद करेंगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब विदेश जाते हैं तो दुनिया के राष्ट्राध्यक्ष उन्हें सुनते हैं, जबकि राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर सवाल खड़े किए।
पंजाब में आत्महत्या के मामले पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को लगातार परेशान किया जाता है और उसे न्याय की उम्मीद नहीं दिखाई देती तो ऐसी स्थिति बेहद पीड़ादायक होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संतों, महिलाओं और केमिस्ट एसोसिएशन सहित विभिन्न वर्गों को नशे के खिलाफ अभियान में शामिल किया जा रहा है।

#पंचकूला
# सीएम नायब सैनी