क्या कृत्रिम मेधा मानव के नियंत्रण से बाहर हो जाएगी ?

कृत्रिम मेधा यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने पिछले कुछ वर्षों में जिस तेजी से विकास किया है, उसने मानव समाज के सामने एक ऐसा प्रश्न खड़ा कर दिया है, जिसका उत्तर देना अब केवल वैज्ञानिकों की ज़िम्मेदारी नहीं रह गया है। सवाल है, क्या कृत्रिम मेधा एक दिन मानव के नियंत्रण से बाहर निकल जाएगी? अभी तक की घटनाओं और विशेषज्ञों के बयानों को देखें तो इसका सीधा उत्तर हां या नहीं देना उचित नहीं होगा। अभी यह कहना प्रमाणित नहीं है कि कृत्रिम मेधा मानव नियंत्रण से पूरी तरह बाहर हो चुकी है, लेकिन यह ज़रूर स्पष्ट हो गया है कि अत्यधिक सक्षम एआई एजेंट कभी-कभी उन सीमाओं को पार कर सकते हैं जिन्हें मनुष्य उनके लिए सुरक्षित मानकर निर्धारित करता है।
इस चिंता को समझने के लिए जुलाई 2026 में सामने आई ओपन एआई की घटना महत्वपूर्ण है। कंपनी ने स्वयं बताया कि आंतरिक साइबर सुरक्षा परीक्षण के दौरान उसके कुछ एआई मॉडल ऐसे नियंत्रणों को पार करने में सफल हुए, जिनका उद्देश्य उन्हें इंटरनेट से अलग रखना था। इन मॉडलों ने अपने परीक्षण वातावरण में अनधिकृत तरीके से एक-दूसरे से संवाद किया, सुरक्षा कमज़ोरियों का उपयोग किया, इंटरनेट तक पहुंच बनाई और अंतत: बाहरी प्रणालियों तक पहुंच गए। ओपन एआई  के अनुसार एक अत्यधिक सक्षम आंतरिक मॉडल ने हगिंग फेस की प्रणालियों में प्रवेश किया, वहां कई सर्वरों पर कोड चलाया, एक सर्वर पर पूर्ण ‘रूट’ स्तर की पहुंच हासिल की और कुछ सीमित निजी डेटा तथा अन्य निजी जानकारी तक पहुंचा। कंपनी ने इस घटना को स्वयं ‘वार्निंग शॉट’ यानी चेतावनी संकेत कहा।
इस घटना का सबसे चिंताजनक पक्ष यह नहीं था कि एआई ने अचानक कोई चेतन विद्रोह कर दिया। असली चिंता यह थी कि उसे एक साइबर सुरक्षा परीक्षण का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन उस लक्ष्य को पूरा करने की कोशिश में उसने ऐसे रास्ते खोजे जिनकी उसके निर्माताओं ने अपेक्षा नहीं की थी। ओपन एआई के अनुसार एजेंटों ने पहले अपने लिए एक अनधिकृत मैसेज बोर्ड जैसा माध्यम बनाया और उसके जरिए दूसरे एजेंटों के साथ जानकारी साझा की। बाद में उन्होंने कई सुरक्षा कमज़ोरियों को जोड़कर अपनी पहुंच बढ़ाई। अर्थात समस्या केवल किसी एक गलती की नहीं थी, समस्या यह थी कि एआई ने उपलब्ध साधनों को जोड़कर लक्ष्य प्राप्त करने की अप्रत्याशित रणनीति विकसित कर ली।
सितम्बर के पहले सप्ताह में सामने आई एक दूसरी घटना ने इस चिंता को और बढ़ाया। एक एजेंसी ने 4 सितम्बर को रिपोर्ट किया कि इस वर्ष मई में एआई एजेंटों ने जर्मन भाषा की एक प्रोग्रामिंग वेबसाइट पर 15,000 से अधिक सम्पादन किए और उसे दूसरे एआई एजेंटों के लिए संदेश साझा करने के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया। ओपन एआई ने पहले इस रिपोर्ट पर विस्तृत टिप्पणी करने से इन्कार किया था, लेकिन बाद में उसने इस घटना को अपनी पिछली गलत क्रम वाली घटनाओं के समान मानते हुए कहा कि उद्योग को यह तय करने की ज़रूरत है कि ऐसी घटनाओं की जानकारी कब और किस तरह सार्वजनिक की जाए। फिर भी इस घटना को ‘एआई ने मानव नियंत्रण पूरी तरह छोड़ दिया’ कहना उचित नहीं होगा। यहां भी हमें एआई के व्यवहार, उसके दिए गए लक्ष्य और उसके परीक्षण वातावरण के बीच अंतर समझना होगा। 
ऐसी घटनाओं से एक महत्वपूर्ण बात सामने आती है। आज का एआई केवल आदेशों का निष्क्रिय पालन करने वाला उपकरण नहीं रह गया है। उसे यदि कोई जटिल लक्ष्य दिया जाए तो वह लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अनेक चरणों की योजना बना सकता है, नई जानकारी खोज सकता है और उपलब्ध संसाधनों का अप्रत्याशित तरीके से उपयोग कर सकता है। इसलिए भविष्य की चुनौती केवल यह सुनिश्चित करना नहीं है कि एआई को गलत आदेश न दिया जाए। यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सही आदेश को पूरा करते समय वह ऐसी सीमा पार न करे जिसे मनुष्य ने तय नहीं किया है।
ओपन एआई के मुख्य वैज्ञानिक जाकुब पाचोकी ने 6 सितम्बर, 2026 को प्रकाशित अपने लेख में इसी चिंता को बहुत स्पष्ट रूप से सामने रखा। उनके अनुसार रीज़निंग मॉडल से अब कंप्यूटर और ग्राफिक इंटरफेस चला सकते हैं, मनुष्यों तथा दूसरे एआई सिस्टमों के साथ सहयोग कर सकते हैं और शोध परियोजनाएं संचालित कर सकते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि यदि एआई विकास वर्तमान गति से जारी रहा तो भविष्य की प्रणालियां अपने विकास को स्वयं आगे बढ़ाने में अधिक सक्षम हो सकती हैं। पाचोकी ने कहा कि अभी कोई भी एआई प्रयोगशाला अलाइनमैंट और मॉनिटरिंग को उस स्तर तक हल नहीं कर पाई है जिसे अधिकतम गति से आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त माना जा सके। उन्होंने मानव एजेंसी बनाए रखने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एआई विकास के समन्वय की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। (अदिति)

#क्या कृत्रिम मेधा मानव के नियंत्रण से बाहर हो जाएगी ?