शरजील इमाम को मिली राहत: कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत
नई दिल्ली, 22 सितंबर - कड़कड़डूमा कोर्ट ने दिल्ली दंगा के आरोपी शरजील इमाम को एक मामले में बड़ी राहत दी है। अदालत ने उन्हें उनके चचेरे भाई के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मंजूर कर ली है।
शरजील इमाम को 4 अक्तूबर से 10 अक्तूबर तक के लिए अंतरिम जमानत दी गई है। यह राहत उन्हें अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए दी गई है। यह आदेश कड़कड़डूमा कोर्ट द्वारा पारित किया गया है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें तय समय पर आत्मसमर्पण करना होगा।
उनके वकील अहमद इब्राहिम ने बताया कि यह अस्थायी राहत दिल्ली हाई कोर्ट में 30 सितंबर को होने वाली सुनवाई से कुछ दिन पहले मिली है। बता दें कि शरजील इमाम को मार्च में भी अंतरिम जमानत मिली थी। तब कोर्ट ने उन्हें अपने भाई की शादी में शामिल होने और अपनी बीमार मां की देखभाल करने के लिए 10 दिन की अंतरिम जमानत दी थी।

