क्या बिल्ली जितना डायनासोर भी हुआ करता था ?
‘दीदी, डायनासोर पृथ्वी ग्रह पर किस ज़माने में रहा करते थे?’
‘150 मिलियन वर्ष से भी बहुत पहले।’
‘तो क्या वह अपने विशालकाय शरीर के कारण लुप्त हुए?’
‘लोगों को यह बहुत बड़ी गलतफहमी है कि सभी डायनासोर विशालकाय हुआ करते थे, बड़े-बड़े पौधे व पेड़ खा जाते थे या खूंखार शिकारी हुआ करते थे। डायनासोर की कुछ प्रजातियां बहुत छोटे आकार की भी थीं और कीड़े-मकोड़े, छिपकलियां व अन्य छोटे-छोटे जानवर या पौधे खाया करती थीं।’
‘वाव! बिल्ली के आकार के भी डायनासोर हुआ करते थे।’
‘जब वैज्ञानिक छोटे आकार के डायनासोर की बात करते हैं, तो उनका आशय आमतौर से न उड़ने वाला डायनासोर होता है।’
‘क्यों?’
‘चूंकि तकनीकी दृष्टि से पक्षी भी डायनासोर ही हैं और उनमें सबसे छोटा जीवित पक्षी बी हमिंगबर्ड है, जो डायनासोर होने के सारे मुकाबले जीत लेगी।’
‘वैसे ज़मीन पर बिल्ली के आकार का डायनासोर कौन सा था?’
‘परविकर्सर रेमोटस, जिसके नाम का अर्थ है ‘छोटा धावक’, आज के मंगोलिया में रहता था, अंतिम क्रेटासिअस दौर में। वह ग़ैर-उड़ने वाले डायनासोर में सबसे छोटे आकार का होने के लिए सबसे मज़बूत दावेदार है।’
‘वह कितना बड़ा होगा?’
‘लगभग 39 सेंटीमीटर लम्बा और तकरीबन 160 ग्राम वज़न का यानी बिल्ली से भी कम भार का। उसकी टांगें लम्बी व पतली थीं, जिससे वह बहुत तेज़ी से दौड़ता था, खासकर कीड़े पकड़ने के लिए। यह जानकारी उसके अधूरे कंकाल पर आधारित है, इसलिए लम्बाई व वज़न अंदाज़े से बताया गया है।’
‘शायद इसलिए यह अधिक मशहूर नहीं है।’
‘छोटे डायनासोर में सबसे चर्चित माइक्रोरेपटर है। इसका 125 मिलियन वर्ष पुराना फ़ोस्सिल चीन के रॉक्स में मिला था। यह लगभग 2.5 फीट यानी तकरीबन 75 सेंटीमीटर लम्बा और 2 पौंड का था, जिससे वह छोटी बिल्ली के आकार की श्रेणी में आ जाता है और उसके चारो अंगों पर लम्बे-लम्बे ‘पर’ थे, जिससे वह चार परों वाला प्रतीत होता था। खासकर जब वह पेड़ों के बीच में ग्लाइड करता था। उसके सैंकड़ों अवशेष मिले हैं, जिससे लगता है कि अपने समय में वह आम जानवर था।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

