शेनझेन शिखर सम्मेलन ने चीन की वैश्विक छवि मज़बूत की
19 नवम्बर को शेनझेन में हुए 90 मिनट के त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में अमरीका, चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने हिस्सा लिया। इस सम्मेलन ने मौजूदा वैश्विक कूटनीति में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मज़बूत स्थिति को साबित कर दिया, क्योंकि उन्होंने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए अपने चार-सूत्री एजंडे को ‘शेनझेन घोषणा-पत्र’ का हिस्सा बनाने के लिए सहमत कर लिया। यह त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन केवल चीन द्वारा तैयार किया गया एक दिखावा नहीं था, बल्कि इसमें हुई स्पष्ट बातचीत ने दुनिया की इन तीन प्रमुख शक्तियों को एक-दूसरे के करीब ला दिया। इन तीनों देशों को मौजूदा अस्थिर हालात से मिलकर निपटने के लिए एक-दूसरे के सहयोग की ज़रूरत थी।
यह घोषणा-पत्र संक्षिप्त था और इसमें केवल नेक इरादे ज़ाहिर किए गए थे, लेकिन इसका सबसे सकारात्मक पहलू यह था कि इसमें पूर्ण परमाणु युद्ध को टालने के लिए बातचीत और चर्चा पर ज़ोर दिया गया। ट्रम्प ने जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा कि ‘हम इतिहास रच रहे हैं’। उन्होंने कहा कि अमरीका, चीन और रूस ऐसी स्थिति में हैं जहां वे अपने परमाणु जखीरे पर चर्चा कर सकते हैं और इनके इस्तेमाल के जोखिम को कम कर सकते हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि बातचीत के अवसरों को ठुकरा कर शांति हासिल नहीं की जा सकती। ट्रम्प की बातों में ईमानदारी झलक रही थी और शी तथा पुतिन ने भी उसी तरह सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
यह शिखर सम्मेलन ऐसे समय में हुआ जब अमरीका और रूस के बीच मौजूदा परमाणु समझौता फरवरी 2027 में खत्म होने वाला है। इसके अलावा व्यापार वार्ता के संदर्भ में गत मई के शिखर सम्मेलन में चीन और अमरीका के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत चीन अमरीका को महत्वपूर्ण खनिज निर्यात करता है, और अमरीका चीन को एआई चिप्स निर्यात करता है। यह समझौता भी जनवरी 2027 में समाप्त हो रहा है। इसलिए चीन और अमरीका दोनों को इस बात पर गहन चर्चा करने की ज़रूरत थी कि ‘एनवीडिया’ विवाद के बावजूद अमरीका-चीन व्यापार की गति को कैसे बनाए रखा जाए। जहां तक रूस की बात है, पुतिन यूक्रेन युद्ध से बाहर निकलने का रास्ता खोजने के लिए ट्रम्प पर निर्भर हैं। वह चाहते हैं कि एक नए समझौते के तहत वर्तमान में रूस के कब्ज़े वाले इलाके रूस के पास ही रह जाएं। ट्रम्प ऐसी कोई ठोस योजना पुतिन को नहीं दे पाए, जो यूक्रेन के राष्ट्रपति को भी मंजूर हो। लेकिन पुतिन के पास कोई और विकल्प नहीं है। उन्हें युद्ध से बाहर निकलने के लिए ट्रम्प पर ही निर्भर रहना होगा।
त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन से ठीक पहले शेनझेन में तीन द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन हुए, जिनमें सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सबसे पहले शी और पुतिन के बीच बैठक हुई, जिसमें ट्रम्प से निपटने के लिए एक साझा रणनीति बनाने पर बात हुई। इसके बाद ट्रम्प और शी के बीच बैठक हुई, जिसमें व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें मुख्य रूप से चीन को एआई चिप्स के निर्यात की मौजूदा व्यवस्था को जारी रखने पर ध्यान दिया गया। हालांकि चीन ने वैकल्पिक आपूर्ति के लिए दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत शुरू कर दी है, लेकिन इस समय चीनी हाई-टेक उद्योग के लिए अमरीकी चिप बहुत ज़रूरी हैं। शी और ट्रम्प ने एक समझौता निकालने की कोशिश की। चीनी मीडिया इस त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन को ‘नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था’ वाली दुनिया बनाने की चीन की नीति की बड़ी सफलता के रूप में पेश कर रहा है। अमरीकी विदेश विभाग के ठंडे रवैये के बावजूद चीन ने ही इस शिखर सम्मेलन की पहल की थी। ‘शेनझेन घोषणा-पत्र’ का प्ररूप सबसे पहले चीन के सरकारी मीडिया ने जारी किया। व्हाइट हाउस ने काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। शिखर सम्मेलन खत्म होते ही ट्रम्प बिना प्रैस से कुछ कहे हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए। यह सब चीन का एक बड़ा दिखावा था, जिसका मकसद यह साबित करना था कि अमरीकी राष्ट्रपति की ताकत के कमज़ोर होने के मौजूदा दौर में राष्ट्रपति शी जिनपिंग वैश्विक कूटनीति के सबसे बड़े नेता के रूप में उभरे हैं।
शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति शी ने चार बातें रखीं कि कैसे प्रमुख देश आपस में मिल-जुलकर रह सकते हैं और मिलकर विश्व शांति को मज़बूत कर सकते हैं। शी ने कहा कि प्रमुख देशों को आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद सहयोग और बातचीत व परामर्श को बढ़ावा देना चाहिए। चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन, रूस और अमरीका को साझेदार और मिक्ष होना चाहिए तथा उन्हें आपस में टकराव या संघर्ष की स्थिति से बचना चाहिए। इस त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में आपसी सहयोग के लिए एक सकारात्मक माहौल देखने को मिला। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले महीनों में यूक्रेन युद्ध और ईरान-इज़रायल के बीच चल रहे टकराव जैसे मुद्दों को सुलझाने के लिए इस सहयोगात्मक भावना को कैसे आगे बढ़ाया जाता है। (संवाद)

