कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन सिंह की पत्नी का निधन 

भोपाल, 15 मई - पूर्व केन्दीय मंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन सिंह की पत्नी श्रीमती सरोज सिंह का आज निधन हो गया। श्रीमती सिंह कई दिनों से बीमार चल रहीं थीं। उनकी आयु लगभग 84 वर्ष थी। उनके पुत्र एवं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने यह जानकारी दी। वह ग्रेटर नोएडा के जे पी ग्रीन में रहतीं थीं। उनके पति श्री अर्जुन सिंह का निधन चार मार्च 2011 को दिल्ली में हुआ था। मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और उनके बेटे अजय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। मां की मौत की जानकारी मिलते ही अजय सिंह दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि पिछले कुछ महीनों से उनका अपने बेटे अजय सिंह के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अर्जुन सिंह न सिर्फ मध्य प्रदेश, बल्कि देश के दिग्गज कांग्रेस नेताओं में शुमार रहे हैं। वो तीन बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के साथ ही राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहने के साथ ही पंजाब के राज्यपाल भी रह चुके हैं। लोग उन्हें राजनीति का चाणक्य भी मानते थे। लंबे वक्त तक मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में उनका दबदबा रहा था।