तीरंदाज कोमलिका की नजरें यू-21 रिकर्व स्वर्ण,ओलम्पिक ट्रायल्स पर

गुवाहाटी, 10 जनवरी (अ.स): भारत की उभरती हुई महिला तीरंदाज कोमलिका बारी यहां जारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती हैं लेकिन उनका इससे भी बड़ा लक्ष्य 18 जनवरी को होने वाली ओलम्पिक ट्रायल्स हैं। पिछले संस्करण में दमदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचने वाली कोमलिका ने वर्ल्ड यूथ तीरंदाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। वह अपने पसंदीदा रिकर्व स्पर्धा में देश के लिए खेलना चाहती हैं। कोमलिका ने कहा, ‘‘पिछले साल यहीं से सब कुछ शुरू हुआ था। जाहिर सी बात है कि मैं उस प्रदर्शन को दोहराना चाहूंगी। बड़े सीजन की यह अच्छी शुरुआत होगी। ट्रायल्स आने वाली हैं इसलिए मैं तैयार रहना चाहती हूं।’’ झारखंड की रहने वाली इस खिलाड़ी का ध्यान अभी तो हालांकि गुवाहाटी में खेले जा रहे खेलों पर है। उनके लिए यह चुनौती भी है क्योंकि वह अब अंडर-17 से अंडर-21 में आ गई हैं। कोमलिका ने माना कि आयु वर्ग में बदलाव करना उनके लिए चुनौती होगा, वो भी तब जब रिकर्व में दूरी भी बढ़ जाएगी। वह हालांकि आत्मविश्वास से भरी हैं।