महान साधक थे रामकृष्ण परमहंस

स्वामी रामकृष्ण परमहंस भारत के एक महान संत एवं विचारक थे। इन्होंने सभी धर्मों की एकता पर जोर दिया। उन्हें बचपन से ही विश्वास था कि ईश्वर के दर्शन हो सकते हैं। अत: ईश्वर की प्राप्ति के लिए उन्होंने कठोर साधना और भक्ति का जीवन बिताया। स्वामी रामकृष्ण मानवता के पुजारी थे। साधना के फलस्वरूप वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि संसार के सभी धर्म सच्चे हैं और उनमें कोई भिन्नता नहीं। वे ईश्वर तक पहुंचने के भिन्न-भिन्न साधन मात्र हैं। श्री रामकृष्ण परमहंस का आविर्भाव भारत में एक विशेष स्मरणीय घटना है। हुगली जिले में कामारपुकुर नामक गांव में 18 फरवरी 1836 ईस्वी को एक निर्धन निष्ठावान ब्राह्मण परिवार में रामकृष्ण का जन्म हुआ। इनके जन्म पर ही प्रसिद्व ज्योतिषियों ने रामकृष्ण के महान भविष्य की घोषणा की। ज्योतिषियों की भविष्यवाणी सुन इनकी माता चन्द्रा देवी तथा पिता क्षुदिराम अत्यन्त प्रसन्न हुए। इनको बचपन में गदाधर  नाम से पुकारा जाता था। पांच वर्ष की उम्र में ही वह अद्भुत प्रतिभा और स्मरणशक्ति का परिचय देने लगे। अपने पूर्वजों के नाम व देवी- देवताओं की स्तुतियां, रामायण, महाभारत की कथायें इन्हें कंठस्थ याद हो गई थीं। सन् 1843 में इनके पिता का देहांत हो गया तो परिवार का पूरा भार इनके बड़े भाई रामकुमार पर आ पड़ा था। रामकृष्ण नौ वर्ष के हुए तोइनके यज्ञोपवीत संस्कार का समय निकट आया। उस समय एक विचित्र घटना हुई। ब्राह्मण परिवार की यह परम्परा थी कि नवदीक्षित को इस संस्कार के पश्चात अपने किसी संबंधी या किसी  ब्राह्मण से पहली शिक्षा प्राप्त करनी होती थी किन्तु एक लुहारिन ने जिसने रामकृष्ण की जन्म से ही परिचर्या की थी, बहुत पहले ही उनसे प्रार्थना कर रखी थी कि वह अपनी पहली भिक्षा उसके पास से प्राप्त करे। लुहारिन के सच्चे प्रेम से प्रेरित हो बालक रामकृष्ण ने वचन दे दिया था। अत: यज्ञोपवीत के पश्चात घर वालों के लगातार विरोध के बावजूद इन्होंने ब्राह्मण परिवार की चिर-प्रचलित प्रथा का उल्लंघन कर अपना वचन पूरा किया और अपनी पहली भिक्षा उस शूद्र स्त्री से प्राप्त की। यह घटना सामान्य नहीं थी। सत्य के प्रति प्रेम तथा इतनी कम उम्र में सामाजिक प्रथा के इस प्रकार ऊपर उठ जाना रामकृष्ण की आध्यात्मिक क्षमता और दूरदर्शिता को ही प्रकट करता है। रामकृष्ण का मन पढ़ाई में न लगता देख इनके बड़े भाई इन्हें अपने साथ कलकत्ता ले आये और अपने पास दक्षिणेश्वर में रख लिया। यहां का शांत एवं सुरम्य वातावरण रामकृष्ण को अपने अनुकूल लगा और अपनी आध्यात्मिक साधनाओं के लिये उन्हें यहां एक महान सुअवसर प्राप्त हुआ। सन् 1858 में इनका विवाह शारदा देवी नामक पांचवर्षीय कन्या के साथ सम्पन्न हुआ। जब शारदा देवी ने अपने अठारहवें वर्ष में पदार्पण किया, तब श्री रामकृष्ण ने दक्षिणेश्वर के पुण्यपीठ में अपने कमरे में उनकी षोड्शी देवी के रूप में यथोपचार आराधना की। यही शारदा देवी रामकृष्ण संघ में माताजी के नाम से परिचित हैं। रामकृष्ण के जीवन में अनेक गुरु आये पर अन्तिम गुरुओं का उनके जीवन पर बहुत प्रभाव पड़ा। एक थीं भैरवी जिन्होंने उन्हें अपने कापालिक तंत्र की साधना करायी और दूसरे थे श्री तोतापुरी उनके अन्तिम गुरु। गंगा के तट पर दक्षिणेश्वर के प्रसिद्व मंदिर में रहकर रामकृष्ण मां काली की पूजा किया करते थे। गंगा नदी के दूसरे किनारे रहने वाली भैरवी को अनुभुति हुई कि एक महान संस्कारी व्यक्ति रामकृष्ण को उसकी दीक्षा की आवश्यकता है। गंगा को पार कर वो रामकृष्ण के पास आईं तथा उन्हें कापालिक दीक्षा लेने को कहा। रामकृष्ण तैयार हो गये तथा भैरवी से दीक्षा ग्रहण की। भैरवी द्वारा बतायी पद्धति से लगातार साधना करते रहे तथा मात्र तीन दिनों में ही सम्पूर्ण क्रि या में निपुण हो गये। रामकृष्ण के अन्तिम गुरु तोतापुरी थे जो सिद्ध योगी, तांत्रिक तथा हठयोगी थे। वह रामकृष्ण के पास आये तथा उन्हें दीक्षा दी। रामकृष्ण को दीक्षा दी गई परमशिव के निराकार रूप के साथ पूर्ण संयोग की परन्तु आजीवन उन्होंने मां काली की आराधना की। वह जब भी ध्यान करते तो मां काली उनके ध्यान में आ जातीं और वह भावविभोर हो जाते। इस नई  निराकार पद्धति का ध्यान उनसे नहीं हो पाता था। प्रयास चलता रहा पर सफलता नहीं मिली। तोतापुरी ध्यान सिद्ध योगी थे। वह समस्या जान गये। कुछ दिनों बाद उन्होंने रामकृष्ण को अपने पास बिठाकर साधना करायी। तोतापुरी को अनुभव हुआ कि रामकृष्ण के ध्यान में मां काली प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने शक्ति सम्पात के द्वारा रामकृष्ण को निराकार ध्यान में प्रतिष्ठित करने के लिये बगल में पड़े एक शीशे के टुकड़े को उठाया और उसका रामकृष्ण के आज्ञाचक्र  पर आघात किया जिससे रामकृष्ण को अनुभव हुआ कि वे निराकार परमशिव में पूरी तरह समाहित हो चुके हैं। वह समाधिस्थ हो गये। यह उनकी पहली समाधि थी जो तीन दिन चली। तोतापुरी ने रामकृष्ण की समाधि टूटने पर कहा, मैं पिछले 40 वर्षों से समाधि पर बैठा हूं पर इतनी लम्बी समाधि मुझे कभी नहीं लगी। रामकृष्ण परमहंस का जीवन और व्यक्तित्व रहस्यमयी रहा। उनकी जीवन-शैली और उनका व्यवहार अच्छे-अच्छों की भी समझ से बाहर का था। इतना अजीब था कि ज्यादातर लोग उन्हें पागल तक समझते थे। कुछ ने तो उनके दिमाग का इलाज कराने तक की कोशिश की लेकिन ढाका के एक मानसिक चिकित्सक ने उनकी युवावस्था में ही एक बार कहा था कि असल में यह आदमी एक महान योगी और तपस्वी है जिसे दुनिया अभी समझ नहीं पा रही है और किसी चिकित्सकीय ज्ञान से उसका इलाज नहीं किया जा सकता है। रामकृष्ण परमहंस मुख्यत: आध्यात्मिक आंदोलन के प्रणेता थे जिन्होंने देश में राष्ट्रवाद की भावना को आगे बढ़ाया। उनकी शिक्षा जातिवाद एवं धार्मिक पक्षपात को नकारती है। रामकृष्ण ने इस्लाम, बोध, ईसाई, सिख धर्म की बाकायदा विधिवत रुप से शिक्षा ग्रहण कर साधना की थी। ब्रह्म समाज के सर्वश्रेष्ठ नेता केशवचंद्र सेन, पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर, बंकिमचंद्र चटर्जी, माइकेल मधुसूदन दत्त, कृष्णदास पाल, अश्विनी कुमार दत्त से रामकृष्ण घनिष्ठ रूप से परिचित थे। इनके प्रमुख शिष्यों में स्वामी विवेकानन्द, दुर्गाचरण नाग, स्वामी अद्भुतानंद, स्वामी ब्रह्मानंदन, स्वामी अद्यतानन्द, स्वामी शिवानन्द, स्वामी प्रेमानन्द, स्वामी योगानन्द थे। श्री रामकृष्ण के जीवन के अन्तिम वर्ष करुण रस से भरे थे। 16 अगस्त, 1886 सोमवार ब्रह्ममुहूर्त में अपने भक्तों और स्नेहितों को दु:ख के सागर में डुबोकर वह इस लोक में महाप्रयाण कर गये। रामकृष्ण परमहंस महान योगी, उच्च कोटि के साधक व विचारक थे। सेवा पथ को ईश्वरीय प्रशस्त मान कर अनेकता में एकता का दर्शन करते थे। सेवा से समाज की सुरक्षा चाहते थे। रामकृष्ण का सारा जीवन अध्यात्म-साधना के प्रयोगों में बीता। (युवराज)